एक माँ का असली डिग्री-धारी होना
कहानी: “माँ का सम्मान”
एक छोटे से शहर के मध्यमवर्गीय परिवार का दृश्य। एक युवक, गौरव, अपने हाथ में 10वीं की मार्कशीट लिए, उत्साह और गर्व से भरा अपने पिता के पास खड़ा है। उसके अंक शानदार हैं – 90%।
पिता का चेहरा खुशी से दमक उठा। वह अपनी पत्नी, गौरव की माँ, की ओर मुड़े, जो रसोई में व्यस्त थीं, और प्यार से बोले, “अरे, जरा जल्दी से कुछ मीठा दलिया बना दो... आज तुम्हारे लाड़ले ने स्कूल की परीक्षा में शानदार 90% अंक हासिल किए हैं!”
माँ का चेहरा एक पल में ही खुशी की रोशनी से भर गया। वह दौड़ती हुई आईं, अपने हाथ का आटा के आटे से बालों को हटाते और आँखों से ख़ुशी के आंसू पोंछते और झूमते हुए बोलीं, “अच्छा...! कितने अच्छे आए हैं....!! जल्दी से मुझे भी तो दिखाओ...!!!”
ठीक उसी पल, गौरव का चेहरा बिगड़ गया। उसने एक तीखे और व्यंग्य भरे स्वर में, बिना सोचे-समझे कहा, “बाबा, आप उसे यह सब क्यों दिखा रहे हैं? वह क्या समझ पायेगी..! यह पढ़ी-लिखी है भी नहीं.... अनपढ़ है... इसे क्या पता चल पाएगा?”
एक पल के लिए सब कुछ थम सा गया। माँ की आँखों में आँसूओं की एक पतली परत छा गई। बिना एक शब्द कहे, उसने अपनी आँखों के कोने पल्लू से पोंछे और चुपचाप घिसटते- घिसटते वापस रसोई की ओर मुड़ गयी.., मानो उनके पैर जंजीरों ने जकड़ लिए हों।
पिता ने यह सब देखा। उनकी खुशी एक गहरी निराशा और क्षोभ में बदल गई। उन्होंने गौरव को शांत पर गंभीर स्वर में पुकारा, “बेटा, बैठो। तुमने अभी जो कहा, वह सुन लिया मैंने। और हाँ, एक बात में तुम बिल्कुल सही हो... तुम्हारी माँ अनपढ़ है। आओ, मैं तुम्हें बताता हूँ कि कैसे.....?
उनकी आवाज़ में एक अद्भुत गहराई थी, जो गौरव के अहंकार को चीर रही थी।
“जब तू माँ के गर्भ में था,” पिता ने शुरुआत की, “उसे कड़वी दवा और दूध बिल्कुल पसंद नहीं था। लेकिन डॉक्टर ने कहा था कि इससे तुझे ताकत मिलेगी। उस ‘अनपढ़’ औरत ने अपनी सारी नफरत दबाकर, नौ महीने तक रोज कड़वी दवा और दूध पिया, सिर्फ इसलिए कि तू स्वस्थ पैदा हो।“
“बचपन में तू बहुत बीमार रहता था। वह ‘अनपढ़’ औरत रात-रात भर तेरे सिरहाने बैठी जागती, और सुबह होते ही बिना आराम किए घर के काम में लग जाती।“
“कितनी रातें, जब तू पढ़ते-पढ़ते किताबों के बीच ही सो जाता था, वह ‘अनपढ़’ माँ चुपचाप आती, तेरी बिखरी कॉपियाँ-किताबें समेटकर बस्ते में रखती, तेरे ऊपर चादर ओढ़ाकर, और तब जाकर चैन की सांस लेती।“
“तुझे सुबह सात बजे स्कूल जाना होता था। वह ‘अनपढ़’ माँ हर रोज सुबह आधी-अधूरी नींद में रोज़ पांच बजे उठती थी, ताकि तेरा मनपसंद नाश्ता और टिफिन तैयार कर सके, चाहे सर्दी हो या गर्मी, उसकी नींद का क्या?”
“तेरे लिए बाजार से अच्छे से अच्छे ब्रांडेड कपड़े मँगवाती, और खुद एक ही साड़ी सालों तक पहनकर गुजारा कर लेती। क्यों? क्योंकि वो ‘अनपढ़’ थी ना। उसे तो बस यही पता था कि अपनों की खुशी में ही अपनी खुशी है।“
“वो खाना बनाकर हम सबको खिलाती, और कभी-कभी इतनी थक जाती कि खुद खाना भूल जाती। क्या किसी पढ़े-लिखे व्यक्ति में इतना त्याग हो सकता है, बेटे?”
पिता की एक-एक बात गौरव के दिल पर हथौड़े की तरह पड़ रही थी। उसकी आँखें डबडबा गईं। उसे एहसास हुआ कि उसने जीवन की सबसे बड़ी परीक्षा में वह 00% लेकर फेल हो गया है, जबकि उसे लगा था कि वह 90% वाला Topper है।
वह रोता हुआ रसोई में दौड़ा। उसने अपनी माँ के पैरों से लिपट गया, जो दलिया बना रही थीं।
“माँ! माफ कर दो मुझे,” उसका गला रुँध गया। “ये मार्कशीट... इसमें सिर्फ 90% अंक हैं। पर तुमने तो मेरे जीवन को 100% बनाने का काम किया है। तुम ही मेरी पहली और सबसे बड़ी शिक्षिका हो।“
“माँ, आज मैं समझ पाया हूँ। मेरे पास कागज का एक टुकड़ा है, पर तुम्हारे पास तो जीवन की पीएचडी है! आज मैंने तुम्हारे अंदर एक डॉक्टर, एक शिक्षक, एक वकील, एक डाइटीशियन, एक ड्रेस डिजाइनर और दुनिया की सबसे बेस्ट शेफ... सबको एक साथ देख लिया है। तुम्हारा प्यार ही सबसे बड़ी पढ़ाई है।“
ज्ञानबोध-
हमारे माता-पिता का सम्मान हमारा सबसे पहला और पवित्र कर्तव्य है। उन्होंने हमें पालने के लिए जो संघर्ष और त्याग किए हैं, उनका ऋण हम कभी चुका नहीं सकते। छोटी-छोटी बातों पर उनसे नाराज होना, उनका अपमान करना, हमारी सबसे बड़ी भूल है।
सीख : जैसा चिंतन, वैसी प्राप्ति-
यह समझें कि शिक्षा का मकसद सिर्फ डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि संवेदनशील और आदर्श इंसान बनना है। किताबी ज्ञान तभी सार्थक है जब उसमें मानवता और आदर का पाठ भी शामिल हो। अपने विचारों को शुद्ध और कृतज्ञता से भरें। बड़ों के प्रति आदर का भाव रखें, क्योंकि यही सच्चे सुख और सफलता का मार्ग है।
-*-*-*-
Comments
Post a Comment